दहेज के लिए विवाहिता की गला दबाकर हत्या, ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज


मेरठ, संवाददाता। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम ससुराल वालों द्वारा दहेज के लिए एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतका के परिजनों द्वारा पति सहित छह ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दिल्ली के जीवन पार्क निवासी माला के अनुसार उसकी छोटी बहन रेखा की शादी वर्ष 2018 में सैनिक विहार निवासी कुलदीप के साथ हुई थी। वर्तमान समय में दंपत्ति का 10 महीने का पुत्र भी है। माला का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर रेखा के ससुराल वाले अक्सर उसके साथ मारपीट करते थे। रविवार की शाम ससुराल वालों ने गला दबाकर रेखा की हत्या कर दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद रेखा के परिजन लॉक डाउन के चलते देर रात बमुश्किल मेरठ पहुंचे। मृतका की बहन माला ने रेखा के पति कुलदीप, ससुर विनोद कुमार, सास ऊषा और देवर अंकित, सावन व ननद मुनमुन के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने मृतका के पति कुलदीप और ससुर विनोद को हिरासत में ले लिया है। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।